
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सौंपा चेक, बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर
देवरिया । पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत बुधवार को विधायक देवरिया सदर शलभ मणि त्रिपाठी ने बालिका मीनू साहनी को 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। विधायक ने अपने निज आवास पुरवा चौराहा पर ग्राम जंगल अकटहा, पोस्ट छपौली, विकासखंड गौरीबाजार निवासी स्व. परशुराम साहनी की पुत्री मीनू साहनी को यह चेक सौंपा।
इस दौरान विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार अनाथ, बेसहारा बच्चों और महिलाओं के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इसमें महिला कल्याण विभाग और जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका सराहनीय है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत 439, सामान्य योजना में 3289, स्पॉन्सरशिप योजना में 634 तथा पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना में नौ बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम केयर्स योजना के तहत बालिका को प्रतिमाह चार हजार रुपये की सहायता, लैपटॉप तथा स्नातक की पढ़ाई के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता का लाभ दिया गया है। इसके अलावा विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह अनुदान योजना के तहत 1.01 लाख रुपये की सहायता भी प्रदान की गई है। बालिका के 18 से 23 वर्ष की आयु के दौरान पोस्ट ऑफिस में जमा धनराशि पर अब 10 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया।
