
देवरिया । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर देवरिया पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 और शक्ति दीदी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बैंकों में जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान थाना खुखुंदू की टीम ने सेंट्रल बैंक, मदनपुर की टीम ने भीष्म पितामह इंटर कॉलेज तथा श्रीरामपुर की टीम ने सेंट्रल बैंक प्रतापपुर में महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को पंपलेट वितरित किए। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

अभियान के तहत डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 के उपयोग के बारे में बताया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर भी जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
