छठ महापर्व पर देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए व्यापक इंतजाम, 300 लोगों की क्षमता वाला यात्री आश्रय स्थल तैयार

0Shares

24 घंटे संचालित हो रहे सहायता बूथ, सीसीटीवी से निगरानी और सुरक्षा के लिए आरपीएफ व पुलिस की तैनाती

सलेमपुर (देवरिया) 13 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में 300 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में तैयार किए गए इस आश्रय स्थल का आकार 60×40 फीट यानी 2400 वर्गफीट है। यहां एक समय में लगभग 300 यात्री बैठकर ट्रेनों का इंतजार कर सकते हैं। यात्रियों के लिए बिजली, पंखे, स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

टिकट लेने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए सामान्य और आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। यात्रियों की सहायता के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं।

ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए आश्रय स्थल में उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल लगाए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन पर 24 घंटे ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ संचालित किए जा रहे हैं, जहां रेलकर्मी यात्रियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्गों का प्रबंधन किया गया है। प्लेटफार्मों पर बैरिकेडिंग और सीमांकन के साथ यात्रियों के कतारबद्ध आवागमन की व्यवस्था की गई है। सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आरपीएफ और राज्य पुलिस के जवानों के साथ महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम भी तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर भी सुरक्षा बलों की ड्यूटी लगाई गई है।

इसके अलावा स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां रेल अधिकारियों और वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वाराणसी मंडल मुख्यालय से भी स्टेशन की गतिविधियों और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

रेलवे प्रशासन के इन इंतजामों से छठ महापर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है। वहीं, स्टेशन परिसर में छठ गीतों के मधुर प्रसारण से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।

स्रोत: महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *