साइबर ठगी के शिकार युवक को खामपार पुलिस ने वापस कराए 15 हजार रुपये

0Shares

खामपार (देवरिया)। साइबर ठगी के शिकार युवक को खामपार पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने देवरिया पुलिस और साइबर सेल की टीम के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, खामपार थाना क्षेत्र के निवासी उज्ज्वल गौड़ साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। उन्होंने 30 अगस्त 2026 को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना खामपार की साइबर सेल ने संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयास से एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित की ठगी गई 15 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी के शिकार लोगों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बलराम सिंह, साइबर प्रभारी प्रियांशु कुमार दूबे, कांस्टेबल दीपक कुमार और महिला कांस्टेबल मंगेशलता शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *