शहीद एवं संकल्प दिवस के रूप में याद किये जायेंगे रेजांगला के शहीद

0Shares

 

 

रेजांगला के शहीदों को नमन करने के लिए 18 नवंबर को गणेश इंटर कॉलेज महुआर में होगा आयोजन।

तहबरपुर (आजमगढ़)। रेजांगला के शहीदों को नमन करने के लिए रेजांगला दिवस पर 18 नवंबर 2026 को गणेश इंटर कॉलेज महुआर, तहबरपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस शहीद दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव और मनीष यादव ने कहा कि 18 नवंबर 1962 को रेजांगला की बर्फीली चोटी पर हमारे वीर जवानों ने जिस बहादुरी से दुश्मन का मुकाबला किया, वह भारतीय इतिहास की अमर गाथा है। मुट्ठी भर जवानों ने भारी संख्या में आए दुश्मन को रोककर यह साबित कर दिया कि हौसला हथियार से बड़ा होता है।
रेजांगला के शहीदों ने अपना खून देकर देश की सीमा की रक्षा की। आज हम सबका कर्तव्य है कि हम उन शहीदों को याद करें, उनके परिवारों का सम्मान करें और उनके सपनों के भारत को बनाने का संकल्प लें।
इसलिए इस बार शहीद दिवस को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। आज देश को फिर रेजांगला जैसी भावना की जरूरत है। सीमा पर जवान लड़ रहा है और खेत में किसान लड़ रहा है। दोनों की लड़ाई देश को बचाने की लड़ाई है। अगर जवान और किसान एकजुट हो गए, तो देश को कोई ताकत झुका नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि नौजवान नफरत और बेरोजगारी से नहीं, बल्कि शिक्षा, संघर्ष और संकल्प से देश को आगे बढ़ाएंगे। रेजांगला के शहीदों को सच्चा नमन यही होगा कि हम गांव, स्कूल, खेत और समाज में ईमानदारी, एकता और न्याय की भावना को मजबूत करें।
सोशलिस्ट किसान सभा और पूर्वांचल किसान यूनियन की ओर से क्षेत्र के सभी किसानों, मजदूरों, नौजवानों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पूर्व सैनिकों, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों से अपील है कि 18 नवंबर 2026 को गणेश इंटर कॉलेज महुआर, तहबरपुर में आयोजित रेजांगला शहीद दिवस – संकल्प दिवस कार्यक्रम में समय से पहुंचकर शहीदों को नमन करें और संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *