
सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)।लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ क्षेत्र में संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह व्रती महिलाओं ने उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन हुआ।
सिधौना स्थित सिद्धेश्वरी परिसर में छठ पूजा के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं सिद्धेश्वरी परिसर में स्थित मैना नामक जलाशय के समीप पहुंचीं। यहां स्थापित छठ माता के मंदिर में पहुंचकर महिलाओं ने जलाभिषेक किया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूजा-पाठ के बाद व्रती महिलाओं ने अपना कठिन व्रत संपन्न किया।
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि अनुराग तिवारी ने व्रती महिलाओं के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति एवं सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी व्रती महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके परिवारों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

क्षेत्र के सिधौना, रामनगर, मानिकपुर, बिशंभरपुर, बरवां सहित आसपास के अनेक गांवों में भी छठ महापर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न गांवों में व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार निर्जला व्रत रखकर सूर्यदेव की उपासना की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया। सुबह के समय घाटों और जलाशयों पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। छठी मैया के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की भी सराहनीय मिसाल देखने को मिली। सिद्धेश्वरी स्थल पर मधुकर मेडिकल हॉल की ओर से श्रद्धालुओं एवं व्रती महिलाओं के लिए चाय का वितरण किया गया। वहीं मेहनाजपुर में मनोज राजभर द्वारा छठ माता के स्थल पर श्रद्धालुओं के बीच चाय वितरित की गई। इस सेवा कार्य से सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली।
छठ महापर्व के समापन पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। व्रती महिलाओं की अटूट श्रद्धा, पारंपरिक पूजा-पद्धति तथा स्थानीय लोगों के सहयोग ने इस पर्व को और भी विशेष बना दिया। लोगों ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उक्त अवसर पर पत्रकार सहित शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी मेहनाजपुर अखिलेश कुमार सिंह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र के चारों तरफ घूमते रहे जिसे शांति व्यवस्था बनी रहे।
