रवीन्द्र कुशवाहा प्रयागराज, रोहित राय सुल्तानपुर और अनीता दुबे मंडला म०प्र० को मिला विद्या वाचस्पति सम्मान।

प्रयागराज। प्रेस दिवस के सुअवसर पर करैली स्थित ब्लू बेल स्कूल के भव्य सभागार में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का एक वृहद सम्मान एवं लोकार्पण समारोह वरिष्ठ साहित्यकार डा.शम्भूनाथ त्रिपाठी अंशुल की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम आयोजक तथा महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डा.भगवान प्रसाद उपाध्याय के संचालन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य अतिथि मा. न्यायमूर्ति सुधीर नारायण, विशिष्ट अतिथि महासंघ के संरक्षक डा.बालकृष्ण पाण्डेय, वरिष्ठ साहित्यकार डा.जया मोहन, ब्लू बेल स्कूल के प्रबंधक संदीप कुशवाहा को अंगवस्त्र व सम्मान-पत्र द्वारा सम्मानित किया गया।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के इस आयोजन में प्रयागराज के विख्यात चित्रकार एवं कवि रवीन्द्र कुशवाहा, मंडला म० प्र० की वरिष्ठ साहित्यकार अनीता दुबे तथा सुल्तानपुर के युवा कवि रोहित राय को विद्या वाचस्पति सम्मान से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डा.शंभुनाथ त्रिपाठी अंशुल के कहानी संग्रह वघोलहिया भउजी, डा.रामसुख यादव के उपान्यास भ्रम पंडा और प्रयागराज, रामशंकर पटेल की पुस्तक जीवन सौन्दर्य सुख और शांति, चित्रकूट के वरिष्ठ साहित्यकार डा.सतीश बब्बा के कहानी-संग्रह रिश्ते यहाँ भी बनते हैं तथा डा.रामलखन चौरसिया वागीश की पुस्तक लघु काव्य कौमुदी का विमोचन मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया।
सभी कवि-लेखक ने अपनी-अपनी पुस्तकों पर अपनी बात भी रखी तथा वाचस्पति सम्मान से सम्मानित साहित्यकारों ने भी अपने उद्गार प्रकट किया। आरंभ में डा. रामलखन चौरसिया ने समस्त अतिथिगण का शब्द-सुमन से स्वागत किया तथा पं.राकेश मालवीय मुस्कान ने सरस्वती वंदना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ कवि साहित्यकारों में योगेंद्र मिश्र विश्वबंधु, लोक रंजन प्रकाशन के रंजन पाण्डेय, डा.ऊषा मिश्रा, डा.अजय मालवीय बहार, सुधीर तिवारी, प्रदीप सिंह, डा.श्याम फतनपुरी, हरीश वर्मा, केशव सक्सेना, शिव प्रसाद श्रीवास्तव, सुनील दानिश, मुदित व चैतन्य मालवीय, अश्विनी कुमार, पंकज गुप्ता, प्रेमलता यादव, गरिमा आदि रचनाकार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
