बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर 19 नवंबर को होगी विशेष बैठक

0Shares

देवरिया। जिले के आकांक्षात्मक विकासखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में 19 नवंबर को बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर यह कार्यक्रम अपराह्न 1:30 बजे से 2:30 बजे तक चलेगा। इसमें बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन देवरिया सदर, गौरीबाजार, तरकुलवा, भटनी, सलेमपुर, रामपुर कारखाना, देसही देवरिया, भलुअनी एवं भाटपार रानी सहित संबंधित विकासखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों के विद्यालयों में किया जाएगा। इसके लिए संबंधित थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के किसी एक विद्यालय का चयन किया गया है।
बैठक में बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही बीच में पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनका दोबारा विद्यालयों में प्रवेश कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम पर भी चर्चा होगी।
बच्चों के साथ हिंसा, दुर्व्यवहार एवं लैंगिक अपराधों की रोकथाम के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने तथा पात्र बच्चों और उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक और अन्य संबंधित लोग शामिल होंगे। गंभीर एवं संवेदनशील मामलों को संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *