अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू, पांच जनवरी तक करें आवेदन

0Shares

कक्षा छह में 140 विद्यार्थियों को मिलेगा दाखिला, 31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

देवरिया । श्रम विभाग की ओर से संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छह में प्रवेश के लिए 140 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि पांच जनवरी 2027 निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।
सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां, गोरखपुर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। विद्यालय में आधुनिक शिक्षा के साथ स्मार्ट क्लास, छात्रावास, पाठ्य पुस्तकें, स्कूल ड्रेस, भोजन, खेलकूद और चिकित्सा की सुविधाएं भी निःशुल्क दी जाती हैं।
उन्होंने बताया कि कक्षा छह में 140 विद्यार्थियों का चयन होगा, जबकि कक्षा नौ में रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा छह के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा नौ में प्रवेश के लिए जन्मतिथि एक मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित की गई है। प्रवेश में 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा।
तीन वर्ष पुरानी सदस्यता जरूरी
प्रवेश के लिए निर्माण श्रमिक का पंजीकरण कार्ड अद्यतन और नवीनीकृत होना अनिवार्य है। साथ ही 30 अक्टूबर 2026 तक श्रमिक के रूप में कम से कम तीन वर्ष की सदस्यता पूरी होनी चाहिए। एक पंजीकृत निर्माण श्रमिक के अधिकतम दो बच्चे ही आवेदन कर सकेंगे।
यहां जमा करें आवेदन
आवेदन पत्र सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, विकास भवन परिसर, देवरिया से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की वेबसाइट www.upbocw.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। भरे हुए आवेदन पत्र 20 नवंबर 2026 से पांच जनवरी 2027 तक सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में जमा होंगे।
सहायक श्रम आयुक्त ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि जिनके बच्चे वर्तमान में कक्षा पांच और आठ में पढ़ रहे हैं, वे पात्रता के अनुसार प्रवेश के लिए आवेदन करें। अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से आवेदन जमा कर दें। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए विकास भवन स्थित सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *