ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए मतदाता, डीएम ने किया डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ

0Shares

देवरिया । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किया। इस दौरान लोगों को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी देने के साथ ही मशीनों के माध्यम से मतदान का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचे मतदाताओं और आमजन को बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से किस प्रकार मतदान किया जाता है तथा वीवीपैट के जरिए अपने दिए गए मत की पुष्टि कैसे की जा सकती है। लोगों को स्वयं मशीन पर मतदान का अभ्यास कराकर प्रक्रिया समझाई गई, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी होने से मतदाता पूरी सहजता और विश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसी उद्देश्य से जिला मुख्यालय के साथ ही सभी तहसील मुख्यालयों पर डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लगातार जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत मतदाताओं को मतदान की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ ही वीवीपैट के महत्व के बारे में भी बताया जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय का यह प्रयास है कि प्रत्येक मतदाता मतदान प्रक्रिया को समझे और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग करे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी, प्रबुद्धजन एवं आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *