फरियादियों के बीच पहुंचे डीएम, खुद पढ़े प्रार्थना पत्र, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

0Shares

जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई : मधुसूदन हुल्गी

देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ करने के बाद एक अलग अंदाज में लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्ट्रेट परिसर के पोर्टिको में अपनी फरियाद लेकर बैठे लोगों को देखकर डीएम खुद उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्रों को अपने हाथों में लेकर पढ़ा और एक-एक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि फरियादी बड़ी उम्मीद लेकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के पास पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनका वास्तविक समाधान कराया जाए।
जिलाधिकारी ने फरियादियों को उनकी समस्याओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। उनके इस कदम से कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों को अपनी बात सीधे जिलाधिकारी तक पहुंचाने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *