186 लीटर शराब बरामद
फर्जी नंबर प्लेट लगी
बनकटा (देवरिया)। थाना बनकटा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 186.435 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक वैगनआर कार बरामद की है। बरामद शराब और वाहन की कुल कीमत करीब चार लाख पांच हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री, निष्कर्षण और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार को चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम पचरुखिया के पास एक वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित मैकडॉवेल्स नंबर-वन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के सिवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी अनिल कुमार राय (28) तथा बसंतपुर थाना क्षेत्र के जानकीनगर निवासी सोनू कुमार (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब की 750 एमएल की 81, 375 एमएल की 243 और 180 एमएल की 192 बोतलें बरामद की हैं। शराब की कीमत करीब एक लाख पांच हजार रुपये बताई गई है। वहीं, फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार और दो नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।
इस मामले में थाना बनकटा में मु0अ0सं0 274/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63, 72 तथा बीएनएस की धारा 341(4) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल रामसागर गुप्ता और विवेक कुमार यादव शामिल रहे।
