स्कॉर्पियो से 225 लीटर अवैध शराब बरामद, चालक फरार

0Shares

खामपार (देवरिया)। थाना खामपार पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 225 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन से एक जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है। बरामद शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5.66 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को खामपार पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम भठवा तिवारी स्थित एटीसी टावर के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो एस-5 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से 25 पेटी अवैध देशी शराब ‘बंटी-बबली’ बरामद हुई। इसमें 200 एमएल के कुल 1125 पाउच थे, जिनकी कुल मात्रा 225 लीटर है। वाहन से एक जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट भी मिली।
पुलिस ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर फरार आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में थाना खामपार में मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 के तहत धारा 341(2), 324(4) बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रियांशु कुमार दूबे, कांस्टेबल सुरजीत पटेल और रिजर्व कांस्टेबल रामनयन यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *