सोनीपत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को लघु सचिवालय परिसर से महिला तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा में जिले की सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ भाग लिया। तिरंगा यात्रा में जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, नगराधीश सिमरन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ती महिलाओं ने नारी शक्ति के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का संदेश दिया।उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज महिला तिरंगा यात्रा में जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया, वह सोनीपत की नारी शक्ति की मजबूत राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से महिलाओं ने आमजन को संदेश दिया कि राष्ट्रीय पर्व केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक का सांझा उत्सव है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है तथा इसके सम्मान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी राष्ट्र के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।
