
सोनीपत। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों, एडीसी एवं सीईओ जिला परिषदों के साथ बैठक कर परिवार पहचान पत्र से संबंधित विभिन्न विषयों के ग्राम सभाओं के माध्यम से सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में परिवारों की फैमिली स्ट्रक्चर, एएवाई परिवार, 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार, कच्ची छत वाले मकानों तथा परिवार के सदस्यों के व्यवसाय (ऑक्यूपेशन) सहित विभिन्न जानकारियों के सत्यापन पर विस्तार से चर्चा की गई। वीसी के उपरांत उपायुक्त नेहा सिंह ने एडीसी अजय चोपड़ा, सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल तथा डीडीपीओ मनीष मलिक को परिवार पहचान पत्र से संबंधित जानकारी के ग्राम सभाओं के माध्यम से सत्यापन का कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी जल्द से जल्द ग्राम सभाओं का शेड्यूल जारी करें और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी चिन्हित बिंदुओं का सत्यापन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए, ताकि परिवार पहचान पत्र में दर्ज प्रत्येक परिवार की जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो और पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल सके। इस दौरान सीटीएम सिमरन भी मौजूद रहीं।
