स्व.श्री धर्मदेव सिंह की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर पुत्रों सहित 70 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान : डॉ. डी.डी. सिंह

0Shares

 

आज़मगढ़। नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट (निफा) और नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) आज़मगढ़ द्वारा शिक्षक स्व.श्री धर्मदेव सिंह की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आज जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षक पिता के दोनों पुत्रों समेत कुल 70 लोगों ने रक्तदान किया। सर्वप्रथम उपस्थित सभी लोगों ने स्व.श्री धर्मदेव सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिविर के को-ऑर्डिनेटर डॉ.डी.डी. सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। धीरे-धीरे लोग इसका महत्व समझने लगे हैं और रक्तदान के प्रति जागरूकता का माहौल भी देखने को मिल रहा है। फिर भी बहुत सारे लोग है, जिनको अभी भी रक्तदान करने से डर लगता है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उन्हें जागरूक करें। हम लोगों की यह भावना जन-जन तक पहुंचनी चाहिए कि रक्तदान महादान है, इससे लाखों लोगों की जिंदगी बच सकती है। इस बार के शिविर के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि यह रक्तदान शिविर पूज्य पिताजी की पुण्यतिथि के अवसर पर लगाया गया है। पिताजी की इच्छा थी कि कोई भी मरीज खून के अभाव में न दम तोड़ दे। इसीलिए उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिससे समाज के कुछ लोगों की मदद हो सकेगी।


निफा अध्यक्ष डॉ. अजीम अहमद ने कहा कि हर तीन माह में एक बार रक्तदान करना चाहिए। इससे आपके शरीर में आयरन की मात्रा ठीक बनी रहती है, जिसके कारण दिल संबंधी बीमारियां नहीं होती है। अगर आप रक्तदान करेंगे तो आपके शरीर में खून के नए कण बनेंगे, जिससे आपका स्वास्थ्य सही रहेगा। रक्तदान करने से ब्लड प्रेशर सामान्य और कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम रहता है। नियमित रुप से रक्तदान करने से कैलोरी और फैट जल्दी बर्न होता है, जिससे मोटापा भी नहीं होता। नीमा कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष चौबे ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया और कहा कि भविष्य में भी हमारा संगठन इस तरह के आयोजन करता रहेगा। रक्तदान शिविर में निफा और नीमा आज़मगढ़ के चिकित्सकों के अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर डॉ. डी.डी. सिंह, डॉ. मुरलीधर सिंह, रवींद्र प्रताप सिंह, संतोष राय, शिवानंद पाण्डेय, डॉ. प्रेम प्रकाश राय, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. रविन्द्र यादव, डॉ मनीष चौबे, डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, गौरव मयंक गुप्ता, मिर्ज़ा तकी बेग, अमान हसन, अब्दुर्रहमान, हर्ष कुमार, फरहान जाकी, जगत वर्मा, संजय यादव, धर्मशील, डॉ. अभिषेक यादव, दीपक यादव आदि लोगों ने रक्तदान किया। शिविर को सफल बनाने में डॉ. अज़ीम अहमद, डॉ. इमरान अहमद, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. उमेश पाण्डेय, डॉ. अबुल बशर, ब्लड बैंक के डॉ. अनिल कुमार, सुबाष चंद पाण्डेय, डॉली पाण्डेय सहित सभी कर्मचारियों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *