एकात्म परिसर में सुवा नृत्य की प्रस्तुति, नवापारा शिशु मंदिर की छात्राओं ने किया सांसद रूपकुमारी चौधरी का स्वागत

0Shares

योगिता सिन्हा के नेतृत्व और सरोज कंसारी के कुशल मार्गदर्शन में बच्चों और टीम ने दी शानदार प्रस्तुति

रायपुर (छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी के रायपुर आगमन पर एकात्म परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, नवापारा की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक ‘सुवा नृत्य’ की शानदार प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कार्यसमिति सदस्य व समाजसेविका योगिता सिन्हा के नेतृत्व और शिक्षिका सरोज कंसारी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिक्षिका मानसी साहू के विशेष सहयोग से विद्यालय की कक्षा नौवीं की छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत किया।

नवापारा की बेटियों को मिली सराहना: सांसद रूपकुमारी चौधरी के स्वागत में सुवा नृत्य प्रस्तुत करने वाली कक्षा नौवीं की छात्राओं में रिमसा साहू, दीपिका यादव, हर्षिता साहू, भाविका चंद्राकर, खुशबू साहू और काव्या बांसवार शामिल रहीं। मुख्य अतिथि व उपस्थित जनों ने इन छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

सांसद रूपकुमारी चौधरी का उद्बोधन: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मातृशक्ति और बेटियों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए बच्चों और शिक्षकगण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, आज बेटियां शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और कला के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं। नारी सशक्तीकरण और समाज के विकास में इन बेटियों का योगदान है।

इस सफल प्रस्तुति पर प्रधानाचार्य गौरीशंकर निर्मलकर व श्री राम जानकी शिक्षण समिति के पदाधिकारी विनोद कुमार शर्मा, प्रफुल्ल दुबे, रमेश पहाड़िया और कोमल साहू ने बच्चों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। शिक्षिका हुलेश्वरी और प्रीति साहू ने साज-सज्जा में विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *