कच्चे क्वार्टर में शॉर्ट सर्किट से 6 दुकानों में लगी आग

0Shares

सोनीपत। शहर की मुख्य मार्केट कच्चे क्वार्टर झंडी रोड पर रविवार सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते 6 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही नगर निगम मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलवाकर आग पर काबू करवाया। इस घटना में फिरोज व अब्दुल्ला हैंडलूम, पूनम अमरदीप लेडीज सूट, हर्षा कॉस्मेटिक, नदीप मिस्त्री की मशीनरी तथा एमएस गारमेंट्स सहित अन्य दुकानों को नुकसान पहुंचा। मेयर राजीव जैन ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
मेयर जैन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित दुकानदारों को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आसपास के सभी दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से अपील की कि आपसी सहयोग की भावना के साथ पीड़ित दुकानदारों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से निकलने में मदद मिलेगी। राजीव जैन ने सभी जीएसटी रजिस्टर्ड व्यापारियों से अपना रजिस्ट्रेशन हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड में करवाने की अपील की ताकि आगजनी या अन्य प्राकृतिक विपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके। उन्होंने बताया कि बोर्ड के माध्यम से व्यापारी का 5 लाख रुपए का व्यक्तिगत तथा स्टॉक का 25 लाख रुपए तक का बीमा करवाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *