प्राथमिक विद्यालय ताला तनुई में प्रधानाचार्य की कथित लेटलतीफी पर ग्रामीणों में आक्रोश?

0Shares

चन्दौली ब्यूरो। चकिया शहाबगंज 8:20 बजे तक नहीं खुला विद्यालय का ताला, ग्रामीणों ने बीएसए से औचक जांच की उठाई मांग…!
शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनभीषमपुर के प्राथमिक विद्यालय ताला तनुई में कथित रूप से समय से विद्यालय न खुलने और प्रधानाचार्य की लेटलतीफी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में निर्धारित समय पर प्रधानाचार्य और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय खुलने के निर्धारित समय के बाद भी सुबह करीब 8:20 बजे तक विद्यालय का ताला नहीं खुला, जिसके चलते विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यालय में ही समय की पाबंदी नहीं होगी तो बच्चों की शिक्षा व्यवस्था पर इसका प्रतिकूल असर पड़ना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विद्यालय संचालन में लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी नहीं किए जाने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मामले की औचक जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अधिकारी बिना पूर्व सूचना विद्यालय पहुंचकर जांच करें तो विद्यालय में शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति और समय से विद्यालय संचालन की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग के अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और विद्यालय की व्यवस्था को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *