उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सुजौली में छात्राओं को मिला पढ़ाई का तोहफा, प्रधान ने बांटे स्टडी टेबल

0Shares

मिहींपुरवा/बहराइच। विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजौली में उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। प्रदेश सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी शहरी क्षेत्र के बच्चों की तरह पढ़ाई की बेहतर सुविधाएं मिलें और उनका शैक्षिक स्तर ऊंचा हो, इसी मंशा को धरातल पर उतारते हुए ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता के द्वारा ग्राम पंचायत के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित किए गए हैं, ताकि बच्चों को घर पर बैठकर पढ़ाई करने में सुविधा हो सके और उनकी पढ़ाई का माहौल बेहतर बन सके।जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और ऑपरेशन कायाकल्प जैसी योजनाओं को मजबूती देते हुए पीएम श्री विद्यालय सुजौली, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सुजौली, प्राथमिक विद्यालय भैसाही और संविलियन विद्यालय भैंसाही में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों को स्टडी टेबल का वितरण किया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर पढ़ाई के लिए नया टेबल पाकर खुशी देखने को मिली। प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही संसाधन और माहौल देने की जरूरत है, जो कि उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। स्टडी टेबल वितरण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना, उन्हें जमीन पर बैठकर पढ़ने की मजबूरी से निजात दिलाना और बेहतर सुविधा देना है। प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार ग्राम पंचायत के सभी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी ग्राम पंचायत निधि से दुरुस्त कराया जा रहा है। आने वाले समय में भी बच्चों के लिए और भी शैक्षिक सामग्री वितरित की जाएगी। इस वितरण कार्यक्रम के दौरान संकुल प्रभारी श्रवण कुमार सिंह, अध्यापक मनीष गुप्ता सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिक्षकों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप इस तरह के सहयोग से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक लगन से पढ़ाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *