
गुवाहाटी। असम के नगांव लोकसभा उप-निर्वाचन को पूरी तरह मुक्त, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगांव ज़िला प्रशासन और पुलिस ने युद्धस्तर की तैयारियाँ तेज कर दी हैं। ज़िला आयुक्त और ज़िला निर्वाचन अधिकारी आरण्यक सैकिया व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी.भी. राकेश रेड्डी ने रविवार को नगांव –बटद्रवा व धिंग विधानसभा क्षेत्रों के अत्यंत संवेदनशील व स्पर्शकात्तक मतदान केंद्रों का विशेष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदान केंद्रों के भौगोलिक अवस्थिति, अंतर-गांव संचार व्यवस्था, आने-जाने के मार्ग तथा किसी भी संभावित संकट से निपटने हेतु तैयार सुरक्षा योजनाओं का विस्तार से जायज़ा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय मतदाताओं के बीच भय, आशंका या तनाव की संभावनाओं को दूर करने के उद्देश्य से किए जा रहे विशेष सतर्कता उपायों पर भी चर्चा की, ताकि सभी नागरिक निःसंकोच और स्वेच्छा से अपने लोकतान्त्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें। जिला प्रशासन और पुलिस ने कहा कि किसी भी नकरात्मक घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की रूट मार्चिंग, संवेदनशील इलाक़ों में सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) की तैनाती तथा मतदान दिवस पर आवश्यक निगरानी व नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ज़िला आयुक्त ने स्थानीय लोगों से भी संवाद बनाए रखा और उनकी चिंताओं को सुना। उक्त निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सदर) रौजी तालुकदार तथा संबंधित पुलिस थानों के थानाध्यक्ष भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के हर स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाता सुरक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है और मतदान केंद्रों पर सभी अपेक्षित व्यवस्थाएँ समय से संभाली जा रही हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि उपचुनाव शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो और मतदाताओं में किसी प्रकार का भय अथवा भ्रम न रहे। निरीक्षण के दौरान तैयार सुरक्षा योजनाओं व समन्वित कार्रवाईओं को अंतिम रूप दे दिया गया है और मतदान से पहले सभी आवश्यक मॉनिटरिंग व परिनियोजन पूर्ण कर लिया जाएगा।
