आजमगढ़। प्राकृतिक आपदा से उजड़े दो परिवारों के लिए प्रयास सामाजिक संगठन आगे आया और अपने प्रयास अनाज बैंक के माध्यम से गृहस्थी के साजो-सामान, राशन, कपड़ा सहित बच्चों की पढ़ाई का सामान प्रदान किया। राहत सामग्री लेकर जब संस्था के साथी पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे तो राशन का सामान देखते ही महिलाओं के चेहरे पर मायूसी की जगह राहत और उम्मीद की चमक दिखाई दी। परिजनों ने संस्था के इस सहयोग के प्रति आभार जताया।
बताते चले कि भीषण बारिश के दौरान फरिहां गांव में मिट्टी के दो घर जमींदोज होने से दो परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह तबाह हो गया था। पीड़ित परिवारों की इस स्थिति की जानकारी प्रयास सामाजिक संगठन के पदाधिकारी अबू बकर के माध्यम से संस्था के साथियों को मिली। सूचना मिलते ही संगठन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रयास अनाज बैंक के माध्यम से दोनों परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई।
संगठन की ओर से दोनों परिवारों को दो बोरी आटा, चावल, आलू, साड़ी एवं कपड़े उपलब्ध कराए गए। वहीं, परिवार के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें स्कूली बैग और कॉपियां भी प्रदान की गईं।
आपदा के बीच मिली इस सहायता ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ यह भरोसा भी दिलाया कि कठिन समय में समाज उनके साथ खड़ा है।
प्रयास सामाजिक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों तक तत्काल आवश्यक सामग्री पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है। वहीं केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहाकि प्रयास अनाज बैंक के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को यथासंभव खाद्यान्न एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इस दौरान ओम नारायण श्रीवास्तव, रणजीत सिंह सहित संस्था के अन्य साथी मौजूद रहे।
