चन्दौली। चकिया थाना क्षेत्र के कौड़ीहर गांव में दोस्तों के साथ घूमने निकला था युवक, अचानक विद्युत करंट की चपेट में आने से मौके पर मचा हड़कंप
चकिया तहसील क्षेत्र के कौड़ीहर खास गांव में दर्दनाक हादसे से सनसनी फैल गई। खंभे के स्टे में उतरे करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान बाबी कुमार पुत्र रामदुलारे, निवासी ग्राम डीघ्घी के रूप में हुई है। बाबी कुमार अपने ननिहाल कौड़ीहर खास में नाना-नानी और मामा-मामी के साथ रहकर पढ़ाई-लिखाई कर रहा था।
बताया जा रहा है कि बाबी कुमार रोज की तरह अपने दोस्तों के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास घूमने गया था। इसी दौरान वह पेशाब करने के लिए विद्युत खंभे के पास पहुंचा। आरोप है कि खंभे के स्टे में पहले से करंट उतर रहा था। जैसे ही युवक ने स्टे को पकड़ा, वह करंट की चपेट में आ गया।
अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
विद्युत व्यवस्था पर उठे सवाल…!
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खंभे के स्टे में वास्तव में करंट उतर रहा था तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है। लोगों ने विद्युत खंभे और स्टे की तत्काल जांच कराने तथा करंट उतरने के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
20 साल की उम्र में बाबी कुमार की असमय मौत ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
