
सोनीपत। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूछा है कि जब कांग्रेस चुनाव आयोग से सवाल पूछती है तो जवाब देने के लिए बीजेपी आगे क्यों आती है। इससे पता चलता है कि बीजेपी और चुनाव आयोग की गहरी सांठगांठ है। इसी सांठगांठ के चलते बीजेपी कई चुनाव जीत चुकी है, जिनमें से हरियाणा भी एक है। हमारे नेता राहुल गांधी ने सबूत के साथ इस का खुलासा किया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पवार के पिता दलीप सिंह पवार के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री आए दिन पंजाब जाते रहते हैं। लेकिन वो कभी भी हरियाणा के पानी की बात नहीं करते। आज हालात ये है कि बीबीएमबी के सिंचाई विभाग में हरियाणा का कोई भी सदस्य नहीं है। इस वजह से एसवाईएल का पानी तो दूर, हरियाणा को वह पानी भी नहीं मिल रहा, जो अब तक मिलता आ रहा था। आज पेट्रोल, डीजल, गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। खेती के उपकरणों से लेकर खाद, बीज, दवाई और मजदूर तक इतनी महंगी हो गई है कि किसान खेती छोड़ने को मजबूर हैं। हुड्डा ने कहा कि बहरहाल धान की खरीद नहीं होने से किसान आज इतने परेशान हैं कि वो आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हैं।ऊपर से सरकार द्वारा लिमिट लगाकर किसानों को लंबे इंतजार के लिए मजबूर कर दिया है। जबकि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान कभी किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए इतने झंझटों और इंतजार का सामना नहीं करना पड़ता था।
