गांधी-शास्त्री जयंती पर मेयर राजीव जैन ने चलाया स्वच्छता अभियान, महापुरुषों को किया नमन

0Shares

सोनीपत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लेकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मेयर जैन ने गांधी चौक पर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इसके उपरांत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और मजबूत समाज की बुनियाद माना तथा उनके स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जैन ने जिला स्वतंत्रता सेनानी संगठन के पदाधिकारी के साथ भी पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात 8 मरला स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। मेयर ने शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पार्षद सुरेंद्र मदान, सुनीता कालूपुर, जिला महामंत्री तरुण देवदास, पूर्व पार्षद मनजीत सिंह, शमशेर तूफान, निगम अधिकारी और सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *