विधायक निखिल मदान के प्रयास लाए रंग

0Shares

सोनीपत को मिलेगी आधुनिक बस स्टैंड की सौगात।

सोनीपत। सोनीपत के विकास को नई गति देने और शहरवासियों को आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने बजट सत्र में सोनीपत के बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की माँग रखी थी। इसको स्वीकार करते हुए सरकार ने नया बस स्टैंड बनाने की घोषणा की थी। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाट जोशी में बनने वाले नए बस स्टैंड के निर्माण कार्य का विधायक निखिल मदान ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
विधायक ने बताया कि यहां 15 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। कुल 9.33 एकड़ में बनने वाले बस स्टैंड में से 2.35 एकड़ में इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाने का कार्य शुरू किया गया है। इसके साथ ही बची हुई 7 एकड़ भूमि पर आधुनिक मुख्य बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्य बस स्टैंड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) परिवहन विभाग द्वारा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। विधायक निखिल मदान ने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं से सोनीपत की तस्वीर बदलेंगी। विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाट जोशी में विकसित होने वाला इलेक्ट्रिक बस स्टैंड और प्रस्तावित मुख्य बस स्टैंड सोनीपत की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर सोनीपत रोडवेज के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस स्टैंड में बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप ब्लॉक बनाया जाएगा। जिसमें तीन बस बेज बनाए जाएंगे। साथ ही दो मंजिला इमारत में महिलाओं के विश्राम कक्ष, लिफ्ट की सुविधा के साथ एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके साथ ही एक पम्प रूम और गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। बसों की सफाई और धोने हेतु सीमेंटेड कंक्रीट से प्लेटफार्म बनाया जाएगा। मौके पर जी एम रोडवेज संजय कुमार और एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *