पूर्ण मूर्ति ग्लोबल स्कूल में कबड्डी खिलाड़ी भव्या का जोरदार स्वागत

0Shares

सोनीपत। हरियाणा स्टेट सब जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में सोनीपत जिले की लड़कियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में पूर्ण मूर्ति ग्लोबल स्कूल की होनहार कबड्डी खिलाड़ी भव्या ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का परिचय देकर सभी को प्रभावित किया। टीम की इस उपलब्धि और भव्या के उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सिल्वर मेडल विजेता खिलाड़ी भव्या का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की ओर से सोनीपत में आयोजित हरियाणा स्टेट सब जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में सोनीपत जिले की लड़कियों की टीम ने पूरे दमखम के साथ मुकाबले खेले और शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम में शामिल पूर्ण मूर्ति ग्लोबल स्कूल की खिलाड़ी भव्या ने अपने खेल के प्रति समर्पण, मेहनत और प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। छठी कक्षा की छात्रा भव्या का स्कूल में फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. विजयपाल नैन, सचिव गौतम नैन, स्कूल की प्रधानाचार्या हिमानी दहिया और उप प्राचार्य वरुण कुमार ने भव्या को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। डॉ.विजयपाल नैन ने भव्या की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि भव्या की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। ऐसी सफलताएं विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।इस मौके पर कॉर्डिनेटर मीनाक्षी, शीतल, अन्नु, शिल्पा, स्वाति, वंदिता, विनम, सोनू, पीआरओ अमन सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने भी भव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *