वायु प्रदूषण रोकने के लिए नगर निगम तैयार

0Shares

महापौर ने की विभागों के अधिकारियों संग बैठक।

 

सोनीपत। आगामी माह में वायु गुणवत्ता खराब होने की आशंका को देखते हुए नगर निगम सोनीपत ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर की सभी सड़कों पर जमा मिट्टी उठाई जाएगी, निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे (सीएंडडी वेस्ट) का उचित निस्तारण किया जाएगा और धूल को नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में मेयर राजीव जैन और निगम आयुक्त हर्षित कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण, शहरी विकास प्राधिकरण, राज्य औद्योगिक विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर उसे अंतिम रूप देंगे। मेयर राजीव जैन ने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए धूल और धुएं के स्रोतों पर नियंत्रण करना जरूरी है। इसके लिए सड़कों की सफाई, मिट्टी उठाने और निर्माण मलबे के उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही कोयले एवं लकड़ी से चलने वाले तंदूरों और भट्टियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक जाम के कारण होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए भी योजना बनाई जाएगी। बैठक में उप पुलिस आयुक्त अमित कुमार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल कुमार, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी अजय दहिया, प्राधिकरण के मुख्य अभियंता यजेश मेहरा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अनिल कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अजय निराला और राकेश जून सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *