सोनीपत। जननायक जनता पार्टी की सोनीपत जिला इकाई द्वारा आज लघु सचिवालय पहुँचकर जिला उपायुक्त के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए और सरकार की नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता जजपा के सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा ने की। जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी) में मात्र ₹25 प्रति क्विंटल (25 पैसे प्रति किलो) की नाममात्र वृद्धि का कड़ा विरोध किया। पार्टी नेताओं ने इसे देश के अन्नदाता के साथ एक बड़ा मज़ाक बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई, प्राकृतिक आपदाओं, खाद, बीज, कीटनाशक व डीजल के बढ़ते दामों से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है। सरकार के इस किसान विरोधी फैसले और अपमानजनक बढ़ोतरी के विरोध स्वरूप जेजेपी कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट ज्ञापन के साथ संलग्न कर उपायुक्त को सौंपा। पार्टी नेताओं ने बताया कि देशभर में लगभग 13 करोड़ और हरियाणा में लगभग 37 लाख मतदाताओं के नाम गायब या रद्द होने की रिपोर्ट सामने आई है। जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा जी ने मांग की कि इस पूरे मामले पर आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाए। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 की भावना के अनुरूप किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार छीनना लोकतंत्र पर हमला है। इसलिए जहाँ भी प्रक्रियागत त्रुटि से नाम कटे हैं, वहाँ तुरंत सुधार कर पुन: समावेशन किया जाए। अंत में जननायक जनता पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और संबंधित प्रशासन ने किसानों व मतदाताओं के इन संवेदनशील मुद्दों पर तुरंत सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर अपना जन-आंदोलन और तेज करेगी। इस मौके पर मौजूद रहे-अनिल त्यागी, बिजेंद्र आंतिल, राम प्रसाद शर्मा, रमेश बड़ौली, देवेंद्र दहिया गोपालपुर, शमशेर नरवाल,पाले राम,अजय कुहाड़,सुनील बड़ौली,विशाल मलिक, प्रवीन आंतिल, सागर दहिया, संदीप दहिया,कर्मबीर राठधना।
