पुलिस ने लौटाईं अपनों की खुशियां, 268 लोगों को मिले गुम मोबाइल

0Shares

55 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, खोए फोन पाकर खिल उठे लोगों के चेहरे

देवरिया । दीपावली से पहले देवरिया पुलिस ने 268 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। सर्विलांस सेल की टीम ने करीब 55 लाख रुपये कीमत के 268 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सर्विलांस सेल को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में टीम ने लगातार प्रयास कर विभिन्न कंपनियों के 268 मोबाइल फोन बरामद किए। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने संबंधित मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों से संवाद कर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ई-मेल और संदिग्ध लिंक के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और अज्ञात मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें।
उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को डायल 112 पर देने की अपील की।
इन कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद: बरामद मोबाइल में रियलमी के 60, वीवो के 50, ओप्पो के 50, रेडमी के 42, सैमसंग के 18, मोटोरोला के 15, टेक्नो के 12, वनप्लस के नौ, इनफिनिक्स के छह, इंटेक्स के पांच और ऑनर का एक मोबाइल शामिल है।
इनकी रही अहम भूमिका: बरामदगी करने वाली टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक सादिक परवेज, एसओजी के उपनिरीक्षक शेष कुमार शर्मा, मुख्य आरक्षी शम्मी कुमार, विमलेश सिंह, सुधीर कुमार मिश्र तथा आरक्षी सुमंत यादव, विंध्येश्वर यादव और कोतवाली के आरक्षी अभिषेक यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *