आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के 397 पदों पर चयन, अनंतिम सूची जारी

0Shares

देवरिया । जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को 397 अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई। इसमें 138 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 259 सहायिकाओं का चयन किया गया है।
बाल विकास विभाग की ओर से 10 जुलाई 2026 को रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। विभागीय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों का मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने शासनादेश के निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण किया। इसके बाद चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।
परियोजनावार चयन में बैतालपुर, बनकटा, बरहज, भागलपुर, भलुअनी, भटनी, भाटपाररानी, देवरिया शहर, देसही देवरिया, गौरीबाजार, लार, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, रुद्रपुर, देवरिया सदर, सलेमपुर और तरकुलवा में कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के पदों पर चयन किया गया है। कुछ परियोजनाओं में निर्धारित रिक्त पदों के सापेक्ष अभ्यर्थी नहीं मिलने से पद खाली रह गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर अनंतिम चयन सूची विकास भवन के साथ ही संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालयों पर चस्पा करा दी गई है। अभ्यर्थी एवं आमजन किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कार्यालय पहुंचकर सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *