अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश
देवरिया । जिले में निर्माणाधीन बाईपास हाईवे परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति की जानकारी नहीं दे पाने पर अधिशासी अभियंता सेतु निगम और आरईडी का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कराएं। उन्होंने विशेष रूप से पेड़ कटान, भूमि अधिग्रहण और किसानों के मुआवजे से जुड़ी समस्याओं का समय से समाधान कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
पीडब्ल्यूडी की सड़कों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन कराने और नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गड्ढे मिलने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे राहगीरों और आमजन को परेशानी न हो।
बैठक में पूर्वांचल विकास निधि से कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिन बाईपास परियोजनाओं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। कार्यों की नियमित निगरानी हो और लापरवाही या अनावश्यक देरी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर सहित एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
