देवरिया । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर देवरिया पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शक्ति दीदी अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी थानों में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान थाना भटनी की टीम ने ग्राम जिगना दीक्षित, खामपार पुलिस ने भिंगारी बाजार और सलेमपुर की टीम ने कंपोजिट विद्यालय बंजरिया में छात्राओं एवं महिलाओं को पंपलेट वितरित किए। उन्हें शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की। अभियान के तहत जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाती रहीं।
