सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय हों विभाग, साइनेज व रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश

0Shares

देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों पर आवश्यकतानुसार साइनेज बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को रास्ते की सही जानकारी मिल सके और हादसों की आशंका कम हो।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग गंभीरता से काम करें। यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के साथ ही विभाग आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा, तभी हादसों में कमी आएगी और लोगों का सफर सुरक्षित हो सकेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *