रुद्रपुर में महिला की हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश, स्कूल संयोजक गिरफ्तार

0Shares

गाड़ी में गला घोंटकर की थी हत्या, दिनभर डिग्गी में शव रखकर घूमता रहा आरोपित

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसओजी और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोप में स्कूल संयोजक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या कार में गला घोंटकर की गई थी। इसके बाद आरोपित ने शव को कार की डिग्गी में रखकर दिनभर ठिकाने लगाने के लिए घूमता रहा और बाद में सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया। अगले दिन मृतका की पहचान रानी विश्वकर्मा (26) पुत्री सुभाष चंद्र विश्वकर्मा, निवासी थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 519/26 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसपी के मुताबिक, विवेचना में सामने आया कि मृतका वीएन सेंट्रल स्कूल में पढ़ाती थी और आरोपित विजय निषाद स्कूल का संयोजक था। दोनों के बीच पहले से परिचय और बातचीत थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि विजय निषाद अपनी सफेद वैगनआर कार (यूपी 53 एफएफ 9352) से रानी को लेकर गया और कार की पिछली सीट पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को डिग्गी में रखकर पूरे दिन घूमता रहा और मौका पाकर झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मृतका का एटीएम कार्ड, कार्ड होल्डर और मोबाइल का फ्लिप कवर बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त कार की डिग्गी और अन्य हिस्सों का फोरेंसिक परीक्षण कराकर नमूने भी एकत्र किए गए हैं। एसपी ने बताया कि मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई है। परिजनों ने कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है, जिस बिंदु पर भी विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपित को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *