हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री की मौत

0Shares

चन्दौली ब्यूरो। धानापुर स्थित विजयदशमी पोखरा पर छठ पूजा की तैयारियों के दौरान पोस्टर लगा रहे 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री कार्तिक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
धानापुर थाना क्षेत्र स्थित विजयदशमी पोखरा पर गुरुवार शाम छठ पूजा की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे पर पोस्टर लगा रहे 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी कार्तिक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विजयदशमी पोखरा पर डाला छठ के मद्देनजर लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम कराया जा रहा था। पोस्टर लगाने के लिए वाराणसी से बिजली मिस्त्री को बुलाया गया था। गुरुवार शाम काम के दौरान कार्तिक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिजली का करंट लगने से मिस्त्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि डाला छठ से पहले विजयदशमी पोखरा पर यह दूसरी दुखद घटना है। इससे कुछ महीने पहले इसी पोखरे में डूबने से एक बालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से पोखरे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *