
आजमगढ़ मऊ सीट से पूर्व मंत्री व एमएलसी यशवंत सिंह के सुपुत्र विक्रांत सिंह रिशु विजई हुए हैं तथा निर्दलीय उम्मीदवारों ने वाराणसी से बाहुबली पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह की धर्मपत्नी अन्नपूर्णा सिंह विजय हुई हैं। वहीं प्रतापगढ़ में राजा भैया का सिक्का बदस्तूर चला और उनके दल का उम्मीदवार विजई हुआ। कुल मिलाकर कहा जाए तो दोनों निर्दलीय और लोकतांत्रिक जनसत्ता दल के विजई उम्मीदवार भी अप्रत्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के ही उम्मीदवार है। दोनों निर्दलीयों अन्नपूर्णा सिंह और विक्रांत सिंह रिशु की विजय भाजपा में योगी विरोधियों के लिए मुंह पर तमाचा है।
उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय से विधान परिषद सदस्यों का चुनाव संपन्न हो चुका है। कुल 36 सीटों पर हुए निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी ने 33 सीट पर एकतरफा जीत हासिल किया, 2 सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के पक्ष में गया तथा एक सीट लोकतांत्रिक जनसत्ता दल के पक्ष में गया। वर्तमान एमएलसी चुनाव में किसी भी विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी मुकाबले में नहीं दिखी। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव के करीबी मित्रों में शुमार सुनील साजन भी बुरी तरह से पराजित हुए। इस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा के साथ में विधान परिषद में भी दशकों बाद पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया। प्रदेश मे पार्टी के जीत से भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व सहित प्रदेश नेतृत्व काफी प्रसन्न है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की विजय पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “यह सरकार के सुशासन व कानून व्यवस्था पर जनता के विश्वास की मुहर है”।
रायबरेली सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह जीत गए हैं। देवरिया-कुशीनगर एमएलसी सीट से सपा प्रत्याशी कफील खान हार गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गढ वाराणसी में भाजपा की हार हुई है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी अन्नपूर्णा सिंह ने जीत दर्ज की है।
आजमगढ़-मऊ में निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशू की जीत
मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी चुनाव-2022) के चुनाव में भाजपा के बागी प्रत्याशी और एमएलसी यशंवत सिंह के पुत्र निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशू 4076 मत पाकर विजयी हुए। जबकि भाजपा के अरुणकांत यादव को 1262 और सपा के राकेश कुमार यादव को 356 मत मिले हैं। निर्दलीय अंबरीश को मात्र 13 और सिकंदर कुशवाहा को तीन मत ही प्राप्त हो सके।

वाराणसी में निर्दल उम्मीदवार अन्नपूर्णा सिंह जीतीं
एमएलसी चुनाव में सभी चरणों की मतगणना पूरी हो गई। प्रथम चरण में 2400 वोटो की गिनती हुई है। 2058 वोट पाकर चर्चित एमएलसी बृजेश सिंह की पत्नी पूर्व एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह आगे रही। वहीं आखिरी चरण में अन्नपूर्णा सिंह 4234 मत पाकर जीत गईं। कुल 4949 में 4876 वोट इस चुनाव में पड़े हैं।
गाजीपुर में भाजपा की प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल विजयी
भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल चुनाव जीत गए हैं। काउंटिंग हाल से बाहर आए सपा प्रत्याशी मदन यादव ने बताया कि उन्हें कुल 631 मत मिले हैं। कुल 3097 पड़े थे। इसमें 80 मत अवैध रहे। चंचल को कुल 2386 मत मिले हैं।
सहारनपुर सीट पर वंदना वर्मा जीती
मुजफ्फरनगर सहारनपुर प्राधिकारी स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव (UP MLC Election) में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा विजय घोषित हुई है। इस सीट पर भाजपा ने पहली बार जीत हासिल की है। वंदना वर्मा को 3843 मत मिले। सपा प्रत्याशी आरिफ को 842, निर्दलीय सुशील को 11, प्रमोद आर्य को 18 और जाहिद को 6 वोट मिले हैं। 212 मत निरस्त हुए हैं। तीनों जनपद के में हुए चुनाव में कुल 4932 मत पड़े थे जिनमें से 4720 मत वैध पाए गए। चुनाव में भाजपा की वंदना वर्मा ने सपा प्रत्याशी आरिफ को 3001 वोट से पराजित किया है।
कानपुर-फतेहपुर सीट पर खिला कमल
कानपुर-फतेहपुर सीट पर भी कमल खिला है। यहां भाजपा के अविनाश सिंह को 4600 से अधिक वोट मिले हैं, जबकि सपा के दिलीप सिंह कल्लू यादव को मात्र 250 वोट प्राप्त हुए हैं। गोरखपुर महराजगंज सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। यहां भाजपा प्रत्याशी सीपी चंद विजयी घोषित हुए हैं। बस्ती-सिद्धार्थनगर विधान परिषद चुनाव में भाजपा को जीत मिली है। भाजपा के सुभाष यदुवंश को 5267 वोट मिले हैं। वहीं, सपा के संतोष यादव सन्नी को 887 मत प्राप्त हुए। सुभाष यदुवंश ने 4280 वोटों से जीत दर्ज की है।
सीतापुर में भी कमल खिला है। यहां समाजवादी पार्टी को बुरी तरह हार मिली है। भाजपा के पवन सिंह ने जीत दर्ज की है। 3762 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीत गए हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं, जबकि 42 मत अवैध पाए गए। फैज़ाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। यहां भाजपा के हरिओम पांडेय ने 2724 वोट प्राप्त किए और सपा के हीरालाल को 1044 मत मिले हैं।
देवरिया-कुशीनगर एमएलसी सीट (UP MLC Election) पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर रतनपाल सिंह को 4255 वोट मिले। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ कफील खान को 1031वोट मिले। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ रतन पाल सिंह 3224 मतों से विजयी घोषित। जौनपुर में लगातार दूसरी बार बृजेश सिंह प्रिंसू एमएलसी बने हैं। उन्हें 3130 मत मिले हैं। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी बृजेश को इस बार भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। वहीं, सपा के डॉ मनोज कुमार यादव को कुल 772 मत मिले हैं। मेरठ में भाजपा के धर्मेंद्र भारद्वाज ने एमएलसी के चुनाव में जीत हासिल की है। धर्मेंद्र भारद्वाज को 3708 वोट मिले वहीं कैंसिल वोटों की संख्या 119 रही। जिले में कुल 4040 वोट पड़े थे। गठबंधन से सुनील रोहटा को 227 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा।
आगरा फिरोजाबाद एमएलसी सीट पर भाजपा के शिवहरे जीते
भाजपा के विजय शिवहरे 3266 वोट से सपा के दिलीप सिंह को हराकर आगरा फिरोजबाद एलएलसी चुनाव जीत गए हैं। सपा के डॉ दिलीप सिंह को 205 वोट प्राप्त हुए हैं। प्रथम वरीयता के 1871 मत जीत के लिए विजयी प्रत्याशी को चाहिए थे। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक भाजपा को कुल 3471 मिले हैं। निर्दलीय हसनूराम अंबेडकरी को 12, प्रवीण कुमार को 30 और विमल कुमार को 22 वोट मिले हैं। रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह एमएलसी चुनाव में दो हजार से ज्यादा मतों से जीत गए हैं। प्रतिद्वंदी एवं सपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव को करारी शिकस्त मिली है। भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह के विजयी होने की घोषणा होना बाकी है।
