
मुबारकपुर (आजमगढ़)। विश्वविख्यात इस्लामी शिक्षण संस्थान अलजामिअतुल अशरफिया, मुबारकपुर में बुधवार को हुजूर हाफिज़-ए-मिल्लत अल्लामा शाह अब्दुल अज़ीज़ मुरादाबादी रहमतुल्लाह अलैह का 52वां सालाना उर्स मुबारक कुरआनख्वानी के साथ शुरू हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन, उलेमा, छात्र एवं देश-विदेश से आए अकीदतमंदों ने शिरकत की।
गौरतलब है कि हुजूर हाफिज़-ए-मिल्लत ने वर्ष 1930 में मुबारकपुर कस्बे के बीचों-बीच एक छोटे से शिक्षण संस्थान की स्थापना कर क्षेत्र में दीनी तालीम की बुनियाद रखी थी। उनकी दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों का ही नतीजा है कि आज यह संस्थान विश्वस्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। वर्तमान में अलजामिअतुल अशरफिया मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर विस्तृत परिसर में संचालित है, जहां छात्रों की शिक्षा, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए बेहतर इंतजाम मौजूद हैं। इसी परिसर में हुजूर हाफिज़-ए-मिल्लत का मजार-ए-मुबारक भी स्थित है।
उर्स में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। इस अवसर पर फारिग होने वाले छात्रों की दस्तारबंदी भी की जाती है, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होती है।

उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर संस्थान की इंतजामिया कमेटी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जायरीन की सुविधा के लिए आने-जाने के रास्तों, ठहरने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिसर में पुलिस चौकी के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में नाजिम-ए-आला हाजी सरफराज अहमद ने बताया कि उर्स की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इंतजामिया कमेटी की ओर से उर्स में आने वाले सभी जायरीन का खैरमकदम किया जाएगा और उनके ठहरने सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है।

