वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा कर महापौर जैन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

0Shares

सोनीपत। लाइन पार्क क्षेत्र में गंदा पेयजल आने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम मेयर राजीव जैन ने महलाना रोड स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में पानी की सफाई और टैंकों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि बरसाती पानी के साथ टैंकों में मिट्टी और गाद जमा हो गई है, जिसके कारण पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना है। मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को टैंकों में जमी गाद और मिट्टी को जल्द से जल्द निकालकर सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लांट में पानी को साफ करने वाली बंद पड़ी मोटरों को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाकर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि पानी की शुद्धिकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बरसात के मौसम को देखते हुए जल शोधन संयंत्रों की नियमित निगरानी और सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जहां कहीं भी गंदे पानी की शिकायत मिल रही है, वहां संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टैंकों की सफाई, मोटरों की मरम्मत और जल शोधन की पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए तथा लाइन पार सहित शहर के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संबंधी शिकायत आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *