शहीदों की याद और तिरंगे के सम्मान में सोनीपत शहर में निकली गई भव्य तिरंगा यात्रा

0Shares

सोनीपत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहीदों की याद और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में बुधवार को सोनीपत शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली इस यात्रा ने पूरे शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अग्रसेन चौक से हुआ। यहां से यात्रा देवीलाल चौक, गीता भवन चौक, गुड़ मंडी, ककरोई रोड से होते हुए तिरंगा चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के पूरे मार्ग पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय ध्वज हाथों में थामे युवाओं और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, योगेश पाल अरोड़ा, नीरज ठरु, दिव्यांक जैन, हरि प्रकाश सैनी, निगम पार्षद मुकेश बाहमणिया, सुरेन्द्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, संजय ठेकदार, देवेन्द्र सैनी, महेश लूथरा, राजेंद्र चांदना, दिनेश अत्री, नीरज आत्रेय, बबीता दहिया, दिनेश अत्री, संजीव वलेचा, अतुल जैन, नवीन मंगला, सुनीता भोला, अमन डुरेजा सहित सैकड़ों शहरवासी मौजूद रहे।

देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचा रही तिरंगा यात्रा : निखिल मदान

तिरंगा यात्रा में शामिल विधायक निखिल मदान ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों से जोडऩे वाला महत्वपूर्ण अभियान है। तिरंगा हमारे देश की पहचान, गौरव और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा में जिस उत्साह और जोश के साथ शहरवासियों ने भाग लिया जो यह दिखाता है कि सोनीपत के लोगों के दिलों में देश के प्रति अपार प्रेम और सम्मान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के दिल में बसने वाली राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है।

हर घर तिरंगा अभियान जन-जन का अभियान बने : राजीव जैन

नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देखकर प्रत्येक भारतीय के मन में देशप्रेम और राष्ट्रगौरव की भावना जागृत होती है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढकऱ हिस्सा लें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा में जिस प्रकार शहरवासियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की है, वह सोनीपत की मजबूत राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का परिचायक है।

तिरंगा पूरे देश को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय प्रतीक : अशोक भारद्वाज

भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि तिरंगा पूरे देश को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय प्रतीक है। इसके सम्मान में निकली यह तिरंगा यात्रा समाज के हर वर्ग को राष्ट्रहित के लिए एकजुट होने का संदेश देती है। जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और कर्तव्य की भावना को मजबूत किया जा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए हमें एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना होगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे तिरंगे का सम्मान करें, अभियान से जुड़ें और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *