मार्ग दुर्घटना के घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर किया गया रेफर

0Shares

सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र में मेहनाजपुर-देवगांव मार्ग पर मंगलवार देर शाम चिल्लूपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर क्षेत्र के के बरवा चकिया कसरावल गांव निवासी चंदन यादव (26) पुत्र रामाश्रय यादव बाइक से लालगंज से दवा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिल्लूपुर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर हैबतपुर दंडवल गांव निवासी विशाल प्रजापति (18) पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति और सुदामा (22) पुत्र दीपचंद सवार थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर घायलों को मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन चंदन यादव को इलाज के लिए पीजीआई चक्रपानपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदन चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक विक्रांत मिश्रा, उपनिरीक्षक दीपक राय और उपनिरीक्षक प्रशांत पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *