
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को उनकी ठगी गई पूरी ₹72,000 की धनराशि वापस मिल गई। साइबर ठगों ने एक पीड़िता को गिरफ्तारी का भय दिखाकर ₹40 हजार, जबकि दूसरी पीड़िता को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ₹32 हजार की ठगी की थी। थाना निजामाबाद की साइबर टीम ने 1930 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए NCRP पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम संबंधित खातों में होल्ड कराई।

इसके बाद न्यायालय के आदेश के माध्यम से दोनों पीड़ितों के खातों में कुल ₹72,000 की शत-प्रतिशत धनराशि वापस कराई गई। पहले मामले में ग्राम बारीखास निवासी प्रीती चौहान से उनके बड़े पापा को गिरफ्तार कराने का भय दिखाकर ₹40,000 ठगे गए थे। वहीं, दूसरे मामले में कस्बा निजामाबाद निवासी एरम से डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर ₹32,000 की ठगी की गई थी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर टीम प्रभारी उ0नि0 दिलीप आनन्द, का0 राकेश यादव, का0 संदेश सिंह एवं म0आ0 रेनू देवी ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में न्यायालय के आदेश से धनराशि वापस कराई। रकम वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने आजमगढ़ पुलिस के प्रति आभार जताया और प्रशंसा की गई है।
