आजमगढ़। रानी की सराय विकासखंड क्षेत्र की फरिहा ग्रामसभा में आगामी बरसात को देखते हुए ग्राम प्रधान अबूबकर खान के सहयोग से फरिहा बाजार में जाम पड़े नाले की सफाई का कार्य कराया गया। नाले में जमा गंदगी और सिल्ट को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से बाजारवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्राम प्रधान अबूबकर खान ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का जायजा लिया और नाले की समुचित सफाई कराने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में जल निकासी बाधित न हो, इसके लिए समय रहते नाले की सफाई जरूरी है।
इस दौरान डॉ. इमरान अहमद, ओमप्रकाश यादव, नदीम (जेसीबी चालक), नेता गौड़ सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं बाजारवासी मौजूद रहे।
फरिहा बाजारवासियों ने नाला सफाई कार्य शुरू होने पर ग्राम प्रधान के प्रति आभार जताया।
