स्वास्थ्य सेवाओं में पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका अहम : कृष्णमुरारी

0Shares

आईपीए मानवता की सेवा के लिए कृतसंकल्पित : सूरज प्रकाश श्रीवास्तव

आजमगढ़। हरवंशपुर स्थित सिंहासिनी वाटिका के सभागार में मंगलवार को इंडियन पैरामेडिकल एसोसिएशन (आईपीए) का स्थापना दिवस एवं फिजियोथेरेपी-डे समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बदलते दौर में फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल सेवाओं की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में इनका योगदान सराहनीय है। कोरोना महामारी के दौरान भी पैरामेडिकल कर्मियों ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों को प्रशिक्षित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर पहल का भरोसा दिलाया।
भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। आईपीए मानवता की सेवा के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने फिजियोथेरेपी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा कि मरीजों को स्वस्थ जीवन की ओर लौटाने में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने एसोसिएशन की लंबित मांगों को शासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को डॉ. नीतीश यादव, डॉ. बीके पटेल और डॉ. विजय कुमार त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों को स्वास्थ्य सेवा के साथ मानवता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश संयोजक मुकेश यादव ने अतिथियों एवं उपस्थित चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन पैरामेडिकल क्षेत्र को मजबूत करने और समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अंत में भाजपा नेताओं को एक मांग पत्र सौंपकर एसोसिएशन की आवाज सरकार तक पहुंचाने की मांग की गई।
इस अवसर पर डॉ के आर सक्सेना डॉ राजन डॉ राहुल, डॉ बी प्रसाद डॉ. रामकेश, डॉ. प्रमोद, डॉ. विवेक, डॉ. संतोष, डॉ. भानु, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. राणा, डॉ. जय हिंद, डॉ. बीएल उपाध्याय, डॉ. शिवचरण गुप्ता, डॉ. अब्दुल्ला, डॉ. अवधेश, डॉ. एस. प्रकाश, डॉ. रामचेत, डॉ. प्रवेश, डॉ. हरिचंद, मनोज यादव, उमेश विश्वकर्मा, रामकेश यादव सहित अन्य चिकित्सक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *