सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा, राष्ट्र निर्माण और भारत को मजबूत बनाने के लिए समर्पित किए हैं। इन 25 वर्षों में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा में अनेक ऐसे निर्णय और कार्य हुए हैं, जिन्होंने देश के विकास की दिशा को नई गति दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। हरियाणा में इस अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें गांव-गांव, गली-मोहल्ले, स्कूलों, संस्थानों और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा।शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव यही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर देश और समाज के लिए योगदान देने का संकल्प ले।
इस मौके पर राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, सोनीपत नगर निगम मेयर राजीव जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता माई राम कौशिक व प्रदीप सांगवान, भाजपा जिला अध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला महामंत्री तरुण देवीदास, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, बबीता दहिया नगर निगम पार्षद त्रिभुवन कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
