खरखौदा/सोनीपत। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला खरखौदा हलके के गांव गोपालपुर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ नेता देवेन्द्र दहिया के निवास पर आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में शिरकत की और परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान दुष्यंत चौटाला ने क्षेत्र के लोगों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आम आदमी के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। सरकार को कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। खरखौदा में मारुति प्लांट और क्षेत्र में हुए औद्योगिक विकास को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खरखौदा क्षेत्र में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार के दौरान लगातार प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि खरखौदा जिस औद्योगिक पहचान की ओर बढ़ रहा है, उसके पीछे हमारे प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। औद्योगिक निवेश आने से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्थानीय स्तर पर व्यापार के नए अवसर पैदा हुए हैं। संगठन की मजबूती पर कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की ताकत उसके कार्यकर्ता और संगठन होते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय करने के लिए सभी को मिलकर मेहनत करनी होगी। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दुष्यंत चौटाला का स्वागत किया और विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर उनसे बातचीत की। इस दौरान जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा, पूर्व चेयरमैन सुमित राणा, दिनेश चौहान, बिजेंद्र आंतिल, दीपक मलिक, अमित आंतिल, राजपाल सेवली, पदम रांगी, भोलू गढ़ आदि मौजूद रहे।
