आपसी समन्वय स्थापित कर बच्चों को बेहतर सुना जा सकता है : डॉ सांगवान

0Shares

सोनीपत। जैन विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जटवाड़ा, सोनीपत में जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया की गरिमामयी उपस्थिति में जिला स्तरीय बाल संरक्षण एवं सुरक्षा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग, सोनीपत एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहयोग से एम.डी.डी आफ इंडिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी रितु गिल, एम.डी.डी आफ इंडिया के जिला संयोजक डॉ. राज सिंह सांगवान, सुनीता, सरिता, रम्मना, साहिल, अधिवक्ता हिमांशु तथा जैन विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अध्यक्ष राकेश कुमार जैन सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नीरू, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला संयोजक डॉ. राज सिंह सांगवान ने कहा कि बाल विवाह की समाप्ति के लिए विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक, प्रशासन एवं समाज को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे। समारोह में सम्मानित शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने भी बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण तथा अन्य बाल संरक्षण संबंधी चुनौतियों के विरुद्ध जागरूकता एवं सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

बाल सुरक्षा के लिए शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण : नवीन गुलिया

जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बाल संरक्षण के लिए निरंतर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए शिक्षकों एवं विद्यालय प्रमुखों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के विकास के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण एवं पोस्को जैसे मामलों की रोकथाम में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बाल विवाह मुक्त विश्व के संकल्प की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक : डॉ. राज सिंह सांगवान

पोस्को के जिला संयोजक डॉ. राज सिंह सांगवान ने बाल संरक्षण के क्षेत्र में एम.डी.डी आफ इंडिया तथा जे.आर.सी की कार्यशैली एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण के लिए केवल घटना के बाद कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोकथाम, जागरूकता, समय पर रिपोर्टिंग, विभागीय समन्वय तथा बच्चों के सर्वोत्तम हित को केंद्र में रखकर निरंतर कार्य करना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *