मैत्रेयी महाविद्यालय में 30 सितंबर को ‘युवा मंथन’: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

0Shares

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी महाविद्यालय में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली फ्रेशर्स पार्टी इस वर्ष 30 सितंबर 2026 को ‘युवा मंथन—परंपरा और प्रगति’ की थीम के साथ आयोजित की जाएगी। समारोह में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस वर्ष मैत्रेयी महाविद्यालय 60 वर्ष के गौरवपूर्ण शैक्षणिक सफर के उपलक्ष्य में हीरक जयंती वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचारों तथा भविष्य की विकासपरक पहलों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
समारोह के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा महाविद्यालय में टेक्निकल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ‘प्रज्ञानम्’ का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए एक्यूआई मीटर ‘श्वास’ तथा परिसर में सुगम आवागमन की सुविधा के लिए इनडोर नेविगेशन ऐप ‘सुगम 2.0’ का शुभारंभ किया जाएगा।
महाविद्यालय की 60 वर्षों की उत्कृष्टता और गौरवपूर्ण यात्रा को रेखांकित करने वाले विशेष पोस्टर का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री जी द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की विभिन्न नई पहलों एवं सुविधाओं का उद्घाटन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री जी सहभागिता करेंगी।
इस समारोह के संरक्षक दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह हैं। इस अवसर पर मैत्रेयी महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. हरित्मा चोपड़ा, चेयरपर्सन प्रो. जगरीत कौर तथा कैम्पस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो सहित मैत्रेयी महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।
‘युवा मंथन’ के माध्यम से आयोजित यह फ्रेशर्स पार्टी नए विद्यार्थियों के स्वागत के साथ-साथ उन्हें मैत्रेयी महाविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, मूल्यों और उपलब्धियों से परिचित कराने का अवसर प्रदान करेगी। कार्यक्रम में युवा ऊर्जा, सृजनात्मकता और नवाचार के साथ महाविद्यालय की परंपरा और प्रगति के 60 वर्षों की यात्रा को भी रेखांकित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *