
लालगंज (आजमगढ़)। तहसील लालगंज क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में तरवां ब्लाक क्षेत्र स्थित बरहटा गौशाला का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने गौशाला में स्टॉक रजिस्टर,पानी की उपलब्धता,हरे चारे एवं भूसे की व्यवस्था,पहुंच मार्ग,जल निकासी, केयरटेकरों की उपस्थिति तथा पशु चिकित्सकों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने गौवंश के रखरखाव एवं उनकी देखभाल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।मौके पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं उनकी टीम, संयुक्त खंड विकास अधिकारी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान तथा गौशाला के केयरटेकर मौजूद रहे। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गौशाला की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि गौशालाओं में संरक्षित गौवंश के लिए पर्याप्त पानी, चारा और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।केयरटेकर नियमित रूप से गौवंश की देखभाल करें और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। उन्होंने पशु चिकित्सा व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया ।उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कागजी निरीक्षण तक सीमित रहना नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेना और कमियों का समय से समाधान कराना है। इसी उद्देश्य से तहसील क्षेत्र में लगातार स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं। एसडीएम द्वारा पशुओं को अपने हाथों से हरा चारा भी खिलाया गया।उल्लेखनीय है कि एसडीएम नेहा मिश्रा द्वारा भूमि संबंधी न्यायालय में विचाराधीन मामलों में भी मौके पर पहुंचकर संबंधित पक्षों एवं राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। वहीं, सरकारी संस्थानों और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को भी मौके पर पहुंचकर परखा जा रहा है।
