जीवित्पुत्रिका पर्व को लेकर बाजारों में उमड़ी महिलाओं की भीड़

0Shares

पुत्र की मंगलकामना के लिए खरीदी पूजन सामग्री।

  

सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)। पुत्र की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए मनाए जाने वाले जुतिया (जीवित्पुत्रिका) पर्व को लेकर पर्व के एक दिन पहले शुक्रवार को सिधौना, मेहनाजपुर सहित आसपास के बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ दिखाई दी। सुबह से ही महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुटी रहीं और आवश्यक पूजन सामग्री, फल, फूल तथा अन्य सामानों की खरीदारी करती नजर आईं।
पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। महिलाओं ने पूजन के लिए सरगी, फल, फूल, धूप-बत्ती, पूजा सामग्री, मिठाई तथा अन्य आवश्यक सामान खरीदे। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए अपनी दुकानों पर विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्री और फल-फूल की पर्याप्त व्यवस्था की थी। बाजार में जगह-जगह महिलाओं की भीड़ के कारण काफी रौनक देखने को मिली।


मान्यता के अनुसार महिलाएं अपने पुत्रों की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर जुतिया पर्व का व्रत रखती हैं। पर्व की तैयारियों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार पहुंचीं। कई महिलाओं ने बताया कि पर्व की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री पहले से जुटाई जा रही है, ताकि व्रत और पूजा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सिधौना और मेहनाजपुर बाजार में फल की दुकानों, किराना दुकानों, पूजा सामग्री की दुकानों और मिठाई की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। दुकानदारों के अनुसार पर्व को लेकर खरीदारी में काफी तेजी रही। शाम तक बाजारों में महिलाओं की आवाजाही बनी रही।
पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां जोरों पर रहीं। महिलाओं ने पूजा स्थल की साफ-सफाई करने के साथ ही पूजन सामग्री को व्यवस्थित किया। ग्रामीण अंचलों में जुतिया पर्व को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *